रुद्रपुर। शहर के जगतपुरा इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मां के अंतिम संस्कार से लौटे तीन सगे भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में भाइयों ने घर में रखे तवे और बेलन को ही हथियार बना लिया। मारपीट में एक भाई का सिर फूट गया, जबकि बीच-बचाव करने आई एक महिला भी घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार जगतपुरा वार्ड नंबर-5 में तीनों भाइयों की मां का उसी दिन अंतिम संस्कार किया गया था। श्मशान घाट से घर लौटने के बाद अंतिम संस्कार के खर्च को लेकर भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
आरोप है कि गुस्से में एक भाई ने घर में रखा तवा उठाकर दूसरे भाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फूट गया और वह घायल हो गया। वहीं झगड़ा शांत कराने पहुंची एक भाई की पत्नी को भी बेलन से कमर पर चोट लग गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी।
घर के अंदर महिलाओं और बच्चों के सामने हुई इस घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना वार्ड-5 के पार्षद पति राजेश शर्मा ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को मेडिकल जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।



