रुद्रपुर, संवाददाता।
रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीते कुछ दिनों के भीतर अलग-अलग इलाकों में चार बड़ी चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने दिनदहाड़े ताले तोड़कर बंद मकानों और एक जनसेवा केंद्र को निशाना बनाया और करीब 36 लाख रुपये के जेवरात समेत लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इन घटनाओं के बाद शहरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना प्रीत बिहार वार्ड-25 फेस-दो की है, जहां सिडकुल के ट्रांसपोर्टर शैलेश तिवारी के घर दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई। शैलेश तिवारी ने बताया कि उनकी पत्नी कुछ दिनों से बेटे से मिलने लखीमपुर खीरी गई हुई थीं और वह घर में अकेले थे। रविवार दोपहर करीब दो बजे वह घर में ताला लगाकर दोस्तों के साथ बाहर चले गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर करीब 36 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर और लगभग दो लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
दूसरी घटना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के गंगापुर रोड स्थित इंडियन वाटिका फेस-दो की है। यहां निवासी ख्याली राम झरना अपने साले के निधन के कारण पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। घर में उनका बेटा अकेला था, जो शनिवार शाम को ताला लगाकर रिश्तेदार के यहां चला गया। रविवार सुबह जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी खुली थी और उसमें रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात और सात से आठ हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे।
तीसरी घटना भी ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की है, जहां श्मशान घाट रोड स्थित एक जनसेवा केंद्र को चोरों ने निशाना बनाया। जनसेवा केंद्र संचालक रविंद्र गंगवार ने बताया कि खराब मौसम के कारण उन्होंने शुक्रवार शाम को केंद्र बंद कर दिया था। रविवार को जब वह केंद्र पहुंचे तो शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे। हालांकि लैपटॉप और अन्य मशीनें सुरक्षित थीं, लेकिन गल्ले में रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी थी।
चौथी घटना ट्रांजिट कैंप के आनंद बिहार वार्ड की है। प्रॉपर्टी डीलर प्रबल जौहरी उर्फ सनी अपने परिवार के साथ राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए गए हुए थे। इस दौरान चोरों ने उनके बंद मकान को निशाना बनाया। पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद जब वह रविवार को घर पहुंचे तो देखा कि अलमारियां खुली थीं और लॉकर टूटे हुए थे। चोर सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात और घरेलू सामान चोरी कर ले गए।
चारों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। कोतवाली और ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मोहन पांडे और सीओ प्रशांत कुमार ने दावा किया है कि कुछ संदिग्ध कैमरों में कैद हुए हैं और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने रुद्रपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।




