Spread the love

रूद्रपुर। शहर के बाजार को व्यवस्थित बनाने और जाम से निजात दिलाने की मुहिम में जुटे महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र में सड़कों और पार्कों का सर्वे किया और व्यापारियों से सुझाव भी लिये। महापौर ने कहा कि बाजार की सभी सड़कों और गलियों को अतिक्रमणमुक्त किया जायेगा। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील भी की।

 

महापौर विकास शर्मा नगर निगम की टीम के साथ सर्वप्रथम वीर हकीकत राय मार्ग पहुंचे। उन्होंने सड़क का सर्वे कर जाम की स्थिति का जायजा लिया और जाम से निपटने के लिए व्यापारियों के साथ चर्चा करते हुए उनके सुझाव भी लिये। इस दौरान लोगों ने बताया कि वीर हकीकत राय मार्ग लम्बे समय से वाहनों की पार्किंग का अड्डा बना हुआ है, दिन भर यहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं, जिसके चलते आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसके अलावा व्यापारियों को भी भारी परेशानी होती है। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने पार्किंग की समस्या उठाते हुए व्यापारियों के लिए पार्किंग का इंतजाम करने की मांग की। जिस पर महापौर ने कहा कि व्यापारियों के लिए नगर निगम की ओर से निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि छोटे वाहनों के लिए वीर हकीकत राय मार्ग के बीच में स्थान छोड़ा जायेगा। जिस पर छोटे वाहन खड़े हो सकेंगे। दोनों तरफ मार्ग को आने जाने के लिए खाली रखा जायेगा।

 

महापौर ने कहा कि शहर का यह शहर का सबसे चौड़ा मार्ग है लेकिन यहां पर वाहनों के खड़ा होने से यह मार्ग अकसर जाम की स्थिति रहती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जल्द ही वीर हकीकत राय मार्ग का डामरीकरण करने जा रहा है। इसके अलावा इस मार्ग पर सुंदर लाईटें भी लगायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि यह करीब 100 फिट की रोड है। उन्होंने कहा कि जो वाहन इधर उधर खड़े होते हैं उनके खिलाफ नगर निगम कार्यवाही करेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर को व्यवस्थित बनाने के प्रयास में जुटा है। बाजार से ठेलियां हटा दी गयी हैं। फुटपाथ भी खाली कराये जा रहे हैं। हम किसी भी व्यापारी को परेशान नहीं करना चाहते हैं। जिन भी व्यापारियों ने सड़क पर अतिक्रमण किया है उनसे अपील की जा रही है। लेकिन अपील के बाद भी जो व्यापारी नहीं सुधरेंगे उनके खिलाफ नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कार्य में जो भी बाधा डालेगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जायेगा। वीर हकीकत राय मार्ग के बाद महापौर ने धीर पार्क, अंबेडकर पार्क और काशीपुर बाईपास रोड का भी सर्वे किया।उन्होंने कहा कि सड़कों को जाम से मुक्त करना नगर निगम की प्राथमिकता है, इसके लिए उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील भी की। निरीक्षण के दौरान भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद चिराग कालरा पारस चुघ रोहित धीरेंद्र मिश्रा मुकेश वशिष्ठ हिमांशु मिड्ढा बॉबी डूडेजा रिंकू जिम्मी बांगा जगदीश धीरज राजन आदि भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *