त्रिशूल चौक की नेम प्लेट से ‘चौक’ गायब, उद्घाटन के बाद फिर भड़का विवाद; सोशल मीडिया पर हंगामा, चोरी या माहौल बिगाड़ने की साजिश? प्रशासन मौन, शहर में तेज चर्चाएं

Share the news

रुद्रपुर से एक बार फिर त्रिशूल चौक चर्चा में आ गया है। उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद अब यहां लगी नेम प्लेट से “चौक” शब्द गायब होने का मामला सामने आया है, जिससे शहर में नई बहस छिड़ गई है।

दरअसल, 14 फरवरी को पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत त्रिशूल चौक का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के तुरंत बाद यह स्थल शिलापट को लेकर विवादों में घिर गया था। आरोप था कि शिलापट पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विशेषकर विधायक शिव अरोरा समेत अन्य लोगों के नाम अंकित नहीं थे। विवाद बढ़ने पर शिलापट पर रंग कर दिया गया था, जिससे मामला कुछ समय के लिए शांत हो गया था।

लेकिन गुरुवार को एक बार फिर यह चौक सुर्खियों में आ गया, जब लोगों ने देखा कि पीतल से बनी नेम प्लेट पर “त्रिशूल” तो लिखा है, लेकिन “चौक” शब्द गायब है। इसके बाद मौके की फोटो और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। लोगों के बीच इस बात को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का अनुमान है कि किसी ने शरारतन “चौक” शब्द को उखाड़ लिया है, जबकि अन्य इसे माहौल खराब करने की कोशिश बता रहे हैं।

फिलहाल इस संबंध में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और कई लोग इसे आस्था और सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं।

प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि यह महज शरारत है या किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा। फिलहाल त्रिशूल चौक एक बार फिर शहर की चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *