बेटे ने लगाया मां की करोड़ों की जमीन फर्जी सौदे में बेचने व ट्रांसफर कराने का लगाया आरोप, बहनोई-बहनों पर धोखे और धमकी की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। भदईपुरा वार्ड 14 निवासी संतोष कुमार ने अपनी मां की करोड़ों की संपत्ति को धोखे से बेचने और हड़पने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। संतोष ने बताया कि उनकी बहन का विवाह करीब 23 वर्ष पहले बहेड़ी, बरेली निवासी एक व्यक्ति से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही बहन अपने पति और बच्चों के साथ मायके में रहने लगी। परिवार ने भी सहयोग दिखाते हुए साढ़े पांच लाख रुपये का एक प्लॉट अपनी बहन के नाम भदईपुरा में खरीदकर दिया था।

 

संतोष के अनुसार, उनकी मां चमेली देवी के नाम पर रुद्रपुर में करीब छह एकड़ जमीन दर्ज है। मां की शारीरिक और मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती, जिसके चलते उनका उपचार भी चल रहा है। परिवार का आरोप है कि इसी कमजोर स्थिति का फायदा उठाते हुए उनकी बहनों और बहनोई ने मिलकर एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा।

 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में उनकी जानकारी के बिना बहनोई उनकी मां को बैंक ले गए और जमीन के कागजात के आधार पर 20 लाख रुपये का लोन ले लिया। किश्तें न भरने पर जब नोटिस आया तो परिवार को पूरे मामले का पता चला। इसके बाद भाइयों ने अपनी दो एकड़ जमीन बहेड़ी में बेचकर ब्याज समेत 24 लाख रुपये बैंक में जमा कर लोन चुकाया।

 

संतोष ने आरोप लगाया कि इस वर्ष 5 अप्रैल 2025 को जब घर में कोई मौजूद नहीं था, तभी बहनोई और उनकी बहनें मां को विधवा पेंशन के कागजात बनाने के बहाने घर से ले गए और मां के नाम दर्ज करीब चार करोड़ रुपये कीमत की जमीन को मात्र 30 लाख रुपये का फर्जी सौदा दिखाकर बेच दिया।

 

उन्होंने यह भी बताया कि 8 अप्रैल को मां को दोबारा अपने साथ ले जाकर दो बीघा जमीन भी कथित रूप से अपने नाम ट्रांसफर करवा ली गई। जब संतोष और उनके भाइयों को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई और उन्होंने विरोध किया तो उन्हें धमकियां भी दी गईं।

 

संतोष कुमार ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच, जमीन के फर्जी सौदे रद्द कराने और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें न्याय के लिए आंदोलन करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *