रुद्रपुर |
रुद्रपुर में बुक्सा जनजाति के आराध्य राजा जगतदेव की प्रतिमा खंडित किए जाने के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। करीब दस माह पूर्व अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा रात के अंधेरे में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, लेकिन अब तक इस गंभीर मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इसी को लेकर गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक पांडेय ने कहा कि राजा जगतदेव बुक्सा जनजाति के आस्था के केंद्र हैं और उनकी प्रतिमा को खंडित किया जाना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास भी है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
हालांकि, एसएसपी मणिकांत मिश्रा उस समय कार्यालय में मौजूद नहीं थे, जिसके चलते विधायक पांडेय ने एसपी क्राइम निहारिका तोमर को ज्ञापन सौंपकर मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि बीते 26 दिसंबर को दलपुरा दल मंदिर के समीप विधायक अरविंद पांडेय द्वारा राजा जगतदेव की एक नई प्रतिमा स्थापित की गई थी। वहीं आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक अलग अष्टधातु से बनी प्रतिमा का वर्चुअल लोकार्पण कर रहे हैं। एक ही स्थल पर दो प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर क्षेत्र में गुटबाजी और मतभेद की स्थिति भी सामने आ रही है।
इसी कारण विधायक पांडेय लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और पुराने मामले के खुलासे को प्राथमिकता देते हुए सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचे। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कब तक कार्रवाई कर पाता है।




