रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत रुद्रपुर नगर निगम ने दो दिवसीय विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि 16 और 17 सितम्बर को नगर में वृहद स्वच्छता अभियान, महिला हाट बाजार, बहुद्देशीय शिविर और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित होंगे।
नगर निगम टीमें डीडी चौक-पार्ले चौक व इंदिरा चौक-गावा चौक मार्ग सहित राष्ट्रीय राजमार्ग पर आठ स्थानों पर सफाई अभियान चलाएंगी। महिला हाट बाजार में स्वयं सहायता समूहों के स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री होगी। बहुद्देशीय शिविरों में चिकित्सा सुविधा व सरकारी योजनाओं की जानकारी व आवेदन उपलब्ध रहेंगे। मेयर ने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाना और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आमजन से सेवा पखवाड़ा को जनभागीदारी का पर्व बनाने की अपील की।




