महापौर ने सीएम धामी से काशीपुर बाईपास की चौड़ाई घटाने, दुर्घटना व अग्निकांड पीड़ितों सहित कई मामलों पर आर्थिक सहायता की मांग की

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर दौरे के दौरान महापौर विकास शर्मा ने शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उनके समक्ष रखा और उन्हें ज्ञापन सौंपा। महापौर ने काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण योजना की समीक्षा की मांग करते हुए कहा कि महायोजना 2031 में मार्ग की चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित है, जबकि राजस्व अभिलेखों में इसकी समरूपता नहीं पाई गई। उन्होंने सुझाव दिया कि महायोजना 2041 में इस चौड़ाई को संशोधित कर 120 फीट किया जाए, जिससे शहर का व्यवस्थित विकास संभव हो सके। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में विभागीय कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।

महापौर ने 18 वर्षीय दिवंगत अभिनव चुघ के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, इसलिए उन्हें दो लाख रुपये की सहायता दी जानी चाहिए।

इसके अलावा, महापौर ने फुलसुंगा वार्ड स्थित मुन्ना चौराहा पर 20 अक्टूबर को हुए अग्निकांड में प्रभावित गुप्ता जनरल स्टोर स्वामी को राहत राशि प्रदान करने की मांग की। अग्निकांड में लगभग 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार मोहन राजपूत के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्ण रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *