रुद्रपुर/नजीबाबाद। विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से ट्रेन में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना मंगलवार शाम उस समय हुई, जब लिंक एक्सप्रेस ट्रेन में Government Railway Police (जीआरपी) द्वारा नजीबाबाद-नगीना रेलवे स्टेशनों के बीच नियमित चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान ट्रेन के एक कोच में सफर कर रहे 23 वर्षीय अभय सक्सेना पुत्र रवेंद्र सक्सेना निवासी रुद्रपुर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पूछताछ में संदेह होने पर जीआरपी ने उसे तत्काल नगीना रेलवे स्टेशन पर उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। हालत सामान्य होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 22 फरवरी की रात रुद्रपुर में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसमें अभय सक्सेना मुख्य आरोपी है और घटना के बाद से फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी रुद्रपुर से भागकर ट्रेन के जरिए नजीबाबाद-नगीना की ओर जा रहा था। ट्रेन में जीआरपी को जांच करते देख उसने उन्हें उत्तराखंड सिविल पुलिस समझ लिया और घबराकर जहर खा लिया।
थाना प्रभारी जीआरपी नजीबाबाद ने बताया कि आवश्यक उपचार के बाद आरोपी को उत्तराखंड पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल रुद्रपुर में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




