रुद्रपुर: किच्छा रोड स्थित रुद्रा अस्पताल के पास बीती 28 फरवरी की रात हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रुद्रा अस्पताल के संचालक डॉ. सचिन मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी की रात रुद्रा अस्पताल के पास स्थित एक सर्विस सेंटर के कर्मचारियों और अस्पताल से जुड़े लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें सुभाष कॉलोनी निवासी दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आने के बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद घायल युवकों के पिता अब्दुल हमीद निवासी सुभाष कॉलोनी की तहरीर पर पुलिस ने रुद्रा अस्पताल के संचालक डॉ. सचिन मंडल और उनके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसकी विवेचना बगवाड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन चंद्र जोशी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी डॉ. सचिन मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य नामजद और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

