“नदी में समाई दो युवाओं की जिंदगी, विश्वविद्यालय के छात्रों की दर्दनाक मौत!”

Share the news

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बड़ा हादसा हो गया। श्रीनगर गढ़वाल में अलकनंदा नदी में नहाने गए चार छात्रों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक छात्र को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतक छात्र हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम सेमेस्टर के थे।

बुधवार, 26 फरवरी को श्रीनगर गढ़वाल के चौरास क्षेत्र में चार छात्र अलकनंदा नदी में नहाने गए थे। इस दौरान तीन छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। सूचना मिलने पर कीर्तिनगर थाना पुलिस, एसडीआरएफ और 40 पीएसी पौड़ी की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तीनों छात्रों को नदी से बाहर निकाला गया और बेस हॉस्पिटल श्रीकोट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया।

मरने वाले छात्र बिहार के निवासी

डूबने से जान गंवाने वाले दोनों छात्र बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले थे और गढ़वाल विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहे थे। वहीं, बचाए गए छात्र, जो बीफार्मा का स्टूडेंट है, का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस घटना के बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों और छात्रों से अपील की है कि वे नदी में नहाने के दौरान सतर्क रहें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *