रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए रखी गई मत पेटियों को ए.एन. झा कॉलेज के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मंगलवार देर रात स्ट्रांग रूम की लाइट आधे घंटे के लिए चली गई, जिससे वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने अचानक उन्हें स्ट्रांग रूम परिसर से बाहर कर दिया। इसके बाद आधे घंटे तक लाइट नहीं आई और किसी को अंदर जाने भी नहीं दिया गया। इस दौरान न तो रिटर्निंग ऑफिसर ने फोन उठाया और न ही प्रशासन की ओर से कोई जानकारी दी गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रशासन पर दबाव बनाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना भी दिया।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, कांग्रेस ने चुनाव आयोग से पूरे मामले में दखल देने की मांग की है।