उत्तराखंड में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी देहरादून से लेकर उधम सिंह नगर और हरिद्वार जैसे बड़े जिलों में लगातार आपराधिक वारदातें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में हरिद्वार जिले के रुड़की से आई दो सनसनीखेज घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
रुड़की के एक ही गांव में दो अलग-अलग महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामलों का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि दोनों ही मामलों में आरोपी वही निकले, जिन्हें पहले केस में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों वारदातों का तरीका एक जैसा था, जिससे एक संगठित गिरोह की आशंका गहराती जा रही है।
पहले मामले में 36 वर्षीय महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद तीन आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल कर शोषण किया। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इसी दौरान दूसरे मामले में मेरठ निवासी 31 वर्षीय महिला ने भी गैंगरेप की शिकायत दर्ज कराई। महिला के अनुसार, उसे चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया गया और आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया, जिसे बाद में वायरल कर दिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों मामलों में आरोपी एक ही हैं।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुष्टि की है कि दोनों घटनाओं में शामिल आरोपी वही हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह ने अन्य महिलाओं को भी निशाना तो नहीं बनाया।
एक ही गांव में दो गैंगरेप की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था की चुनौती है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की सख्त जरूरत को भी उजागर करता है।




