रुद्रपुर। रामपुर रोड स्थित सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के दौरान भीषण गर्मी छात्रों पर भारी पड़ी। वोट डालने के लिए छात्र-छात्राओं को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। कई छात्राएं घंटों धूप में खड़ी रहीं, जिससे उनकी तबियत बिगड़ गई। अचानक हुई तबियत खराब होने की घटनाओं से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रबंधन और छात्र नेताओं ने पानी पिलाकर व प्राथमिक उपचार देकर छात्राओं को राहत पहुंचाई। वहीं, कुछ को बाहर बैठाकर आराम करने की व्यवस्था की गई। इस बीच प्रत्याशी भी वोटिंग स्थल पर अंतिम समय तक छात्र-छात्राओं से वोट की अपील करते नजर आए। गर्मी और अव्यवस्था के बावजूद मतदान को लेकर छात्रों में उत्साह बरकरार रहा। हालांकि, छात्राओं की तबियत बिगड़ने की घटना ने प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।
भीषण गर्मी में बिगड़ी छात्राओं की तबियत




