तेज रफ्तार का कहर: किच्छा में ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार पिता-पुत्र की ली जान, देहरादून में ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला

Share the news

किच्छा।

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली क्षेत्र से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और उसके मासूम पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देहरादून जिले में हुए एक अन्य सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पहली घटना किच्छा कोतवाली क्षेत्र के बरेली रोड स्थित गोकुलनगर के पास सोमवार 29 दिसंबर की शाम करीब चार बजे हुई। जानकारी के अनुसार शांतिपुरी से किच्छा की ओर जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर किच्छा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की शिनाख्त किच्छा कोतवाली क्षेत्र के रजपुरा तीसरी निवासी विजय सिंह (30 वर्ष) और उनके पुत्र सिद्धू (7 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी भूपेंद्र धौनी ने बताया कि गोकुलनगर के पास ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हुई है, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं देहरादून जिले में हुए एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *