रुद्रपुर में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक मामला अब आपराधिक मुकदमे तक पहुंच गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, सास और ननद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर निवासी नीतू बत्रा ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसका अपने पति प्रदीप सिंह उर्फ दीपू उर्फ राज से वर्ष 2024 से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस संबंध में घरेलू हिंसा, भरण-पोषण और दहेज उत्पीड़न के मामले पहले से ही रुद्रपुर की विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं।
महिला का आरोप है कि भरण-पोषण के मामले में जब उसके पति ने अदालत में अपना जवाब दाखिल किया तो उसके साथ वर्ष 2023-24 का आयकर रिटर्न भी संलग्न किया गया। जबकि उसने कभी भी आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया। महिला का कहना है कि उसके पति ने भरण-पोषण की राशि से बचने के उद्देश्य से उसके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से आयकर रिटर्न तैयार कराया और उसमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया, ताकि उससे संबंधित संदेश उसी के फोन पर आएं।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि 15 जनवरी 2024 को दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था। उस दौरान उसके जेवरात, स्त्रीधन, शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए।
पीड़िता ने मामले में पहले पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने पति प्रदीप सिंह, सास सुरजीत कौर और ननद रोशनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



