होली और रमजान के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार सुबह सराय क्षेत्र समेत तीन प्रमुख स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। सराय स्थित एक गोदाम से करीब 5 क्विंटल पनीर डीप फ्रीजर में स्टोर मिला, जिसके क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। विभाग ने एहतियातन पनीर की बिक्री पर तीन दिनों के लिए रोक लगा दी है और दो सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजे हैं।
गढ़वाल मंडल के खाद्य सुरक्षा उपायुक्त आरएस रावत के नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ अधिकारी दिलीप जैन, कैलाशचंद टम्टा और पुलिस टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि पनीर बाहर से मंगाकर यहां स्टोर किया जाता था और यहीं से शहर में सप्लाई होता था। लाइसेंस में अनियमितता और इनवॉइस न मिलने पर गोदाम संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सिडकुल क्षेत्र स्थित Reliance के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर और ई-कॉमर्स कंपनी Blinkit के सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। यहां से मैदा, सूजी, तेल और गुजिया के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। ब्लिंकिट स्टोर पर क्रय-विक्रय इनवॉइस न मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि त्योहारों के मद्देनजर आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा।



