मलखान का शव लेने से परिजनों ने किया इंकार, शुक्रवार को खंडहर के पास खून से लथपथ मिली थी 45 वर्षीय मलखान की लाश

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। प्रीत विहार फाजलपुर महरौला क्षेत्र से सटे एक फार्म हाउस में शुक्रवार दोपहर खंडहर नुमा मकान में 45 वर्षीय मलखान कोली की खून से लथपथ लाश मिलने के प्रकरण में शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया और हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसी बीच रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

पूर्व विधायक के कहने पर रम्पुरा चौकी प्रभारी को मौके पर बुलाया गया। चौकी प्रभारी ने लिखित तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ठुकराल ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की, तो कोतवाली रुद्रपुर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि जिस फार्म हाउस में हत्या हुई, उसका स्वामी विदेश में रहता है। फार्म की देखरेख मैनेजर हाकिम अली करता है और वहां कुछ मजदूर परिवारों के साथ रहते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फार्म में काम करने वाले परदेशी लाल की पत्नी सुनीता बकरी बांधने झाड़ियों के पास गई थी। तभी उसे पास के खंडहर से मोबाइल की घंटी सुनाई दी। अंदर जाकर देखने पर एक युवक की लाश पड़ी मिली, जिसकी सूचना उसने अपने पति को दी थी।

मामले की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी प्रशांत कुमार, कोतवाल मनोज रतूड़ी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मृतक का मोबाइल बरामद कर पहचान व जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *