रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास नाले में युवक की सड़ी-गली लाश बरामद, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Share the news

रुद्रपुर। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। मामला रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास से गुजरने वाले नाले का है, जहां करीब 35 से 40 वर्षीय युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह टहलने निकले लोगों की नजर जब नाले में पड़े शव पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जुट गई। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और वह पूरी तरह फूल चुका था। सूचना मिलते ही एसएसआई केसी आर्या और बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले से शव को बाहर निकलवाया। आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव एक सप्ताह से अधिक पुराना प्रतीत हो रहा है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया और थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *