अज्ञात कारणों से 7 लोगों की मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.डॉक्टरों की 16 टीमें कर रही जांच

Share the news

अल्मोड़ा में वायरल बुखार का कहर — धौलादेवी और चौखुटिया में अब तक 7 की मौत, 16 टीमें अलर्ट पर

क्लोरोफॉर्म बैक्टीरिया मिला पानी में, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

 

अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी और चौखुटिया क्षेत्र में इन दिनों वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। पिछले कुछ दिनों में 7 लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं कई लोग बुखार और संक्रमण के लक्षणों से जूझ रहे हैं।

 

मृतकों में बुजुर्गों से लेकर मध्यम आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। इनमें गंगा दत्त जोशी (62), हरीश चंद्र जोशी (60), मदन राम (72), आशा कार्यकर्ता हंसी भट्ट, दया शंकर पांडे (45), गोविंद सिंह बजेला (45) और चंद्रा देवी (70) के नाम शामिल हैं। इसके अलावा चौखुटिया निवासी कैलाश चंद्र (35) की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है।

 

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने बताया कि मौतों के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग की 16 टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं और बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दे रही हैं।

 

जांच में अब तक 11 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 4 टाइफाइड पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि 3 अन्य मरीजों में स्क्रब टाइफस, लेप्टोस्पायरोसिस और लाइम डिजीज की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही, पानी के सैंपल में क्लोरोफॉर्म बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है। जल संस्थान को पानी की टंकियों की क्लोरोफिकेशन के निर्देश जारी किए गए हैं और लोगों से पानी उबालकर पीने की अपील की गई है।

 

सीएमओ ने बताया कि कुछ मृतक पहले से वायरल से ग्रसित थे, जबकि चार की उम्र अधिक थी — ऐसे में हार्ट अटैक भी एक संभावित कारण हो सकता है। हालांकि, मौतों की असली वजह की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों से अपील की है कि बुखार या संक्रमण के लक्षण दिखते ही अस्पताल पहुंचें, खुद इलाज न करें और सावधानी बरतें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *