देहरादून।
दून में वीआईपी और फैंसी वाहन नंबर अब केवल पहचान नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल बनते जा रहे हैं। खास नंबर पाने की चाह में लोग लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण परिवहन विभाग की ऑनलाइन नीलामी में देखने को मिला, जहां फैंसी नंबर UK07HJ0001 के लिए रिकॉर्ड के करीब बोली लगी।
इस बार देहरादून निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक पुंडीर ने अपनी नई मर्सिडीज़ GLS कार के लिए 13 लाख 74 हजार रुपये की बोली लगाकर यह प्रतिष्ठित नंबर हासिल किया। यह बोली देहरादून में अब तक लगी दूसरी सबसे ऊंची बोली के रूप में दर्ज हुई है। इससे पहले ऑल टाइम हाई बोली UK07HC0001 नंबर के लिए 13 लाख 77 हजार रुपये की लग चुकी है।
परिवहन विभाग की इस नीलामी में अन्य फैंसी नंबरों के लिए भी अच्छी-खासी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। UK07HJ0003 नंबर 4 लाख 87 हजार, UK07HJ0007 3 लाख 66 हजार, UK07HJ7777 1 लाख 80 हजार, जबकि कई अन्य नंबर एक से दो लाख रुपये के बीच नीलाम हुए।
बताया गया कि 0001 और 0786 जैसे विशेष नंबरों के लिए न्यूनतम बोली एक लाख रुपये निर्धारित है, जबकि अन्य फैंसी नंबरों की न्यूनतम कीमत 10 से 25 हजार रुपये रखी जाती है। हालांकि इस बार 0786 नंबर को लेकर खास रुचि देखने को नहीं मिली और इस पर कोई बोली नहीं लगी।
देहरादून आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि UK07HJ सीरीज के कुल 23 फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी कराई गई, जिसमें 0001 नंबर सबसे महंगा रहा। फैंसी नंबरों को लेकर बढ़ता क्रेज यह साफ दर्शाता है कि दूनवासियों में विशेष नंबरों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।



