मुख्य बाजार की ठेलियों को गांधी पार्क में किया जाएगा शिफ्ट

Share the news

दीपावली और अन्य त्योहारी सीजन में शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सोमवार को महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुलिस, यातायात विभाग, व्यापार मंडल और ठेली-फड़ व्यापारियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

 

बैठक में यह तय किया गया कि मुख्य बाजार में लगने वाले अस्थायी ठेली-फड़ बाजार को इस बार गांधी पार्क में स्थानांतरित किया जाएगा। केवल स्थानीय पंजीकृत व्यापारियों को दुकान लगाने की अनुमति होगी, जबकि बाहरी व्यापारियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। रजिस्ट्रेशन के बाद दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

 

त्योहारों के दौरान शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य बाजार में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री लागू होगी। बाजार के दोनों किनारों पर सफेद पट्टी लगाई जाएगी और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम प्रतिदिन निरीक्षण करेगी और अवैध ठेली या दुकानों का सामान जब्त किया जाएगा।

 

महापौर ने नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह कदम शहर को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *