रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के रॉयल ग्रीन कॉलोनी फुलसुंगा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक श्रमिक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक कमरे में अकेला रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, मिश्रीपुर थाना अहलदा जिला औरेया (उत्तर प्रदेश) निवासी 27 वर्षीय कौशल पुत्र ज्ञान सिंह पिछले डेढ़ माह से रॉयल ग्रीन कॉलोनी में किराए पर रह रहा था और सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। सोमवार सुबह पड़ोसी किरायेदार अनुराग सिंह ने रोज की तरह कौशल को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो कौशल का शव फंदे से लटका हुआ था।
सूचना पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कौशल का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



