रुद्रपुर। सिडकुल सेक्टर नौ की हैला इंफ्रा मार्केट कंपनी में लिफ्टर चालक हरीश शंकर गंगवार की संदिग्ध हालत में मौत से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह कंपनी के बिजली पैनल रूम में उसका शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि मृतक के मुंह और सिर पर चोट के निशान थे।
मूलरूप से पीलीभीत के ग्राम गौनेरी निवासी और वर्तमान में भदईपुरा में रहने वाले 50 वर्षीय हरीश शंकर गुरुवार रात 10 बजे नाइट ड्यूटी पर गए थे। सुबह सात बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन मिलाया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। चिंता बढ़ने पर दामाद भूपेंद्र और साला घनश्याम कंपनी पहुंचे, जहां सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि हरीश सुबह छह बजे जा चुके हैं। तभी पैनल रूम में उनका शव पड़ा मिला, जिसके बाद परिजन मौके पर जमा हो गए और जोरदार हंगामा किया।
सूचना पर सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


