रुद्रपुर। कुमायूं में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। आईजी कुमायूं रिद्धिम अग्रवाल की निगरानी में 914 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया। ये सभी नशे के सामान अलग-अलग जिलों में दर्ज कुल 324 मामलों से जब्त किए गए थे।
यह निस्तारण रुद्रपुर के ग्लोबल एनवायरमेंटल सॉल्यूशन सेंटर, लम्बाखेड़ा में किया गया। पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक, कानूनी और पर्यावरण के नियमों के अनुसार की गई, ताकि इसका कोई नुकसान न हो।
यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान को आगे बढ़ाने के लिए शुरू किया गया। खास बात ये रही कि इस बार पुराने केस भी शामिल किए गए—1985, 1995 और 1998 जैसे पुराने मामलों में जब्त माल भी इस बार नष्ट कर दिया गया।
IG रिद्धिम अग्रवाल ने खुद सभी जिलों से संपर्क कर यह तय किया कि जिन केसों में कोर्ट की इजाजत मिल गई है, वहां का नशे का सामान अब थानों में न सड़े, बल्कि जल्द से जल्द नष्ट हो।
पिछले सालों की तुलना में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई रही —
2022 में 292 किलो
2023 में 719 किलो
2024 में सिर्फ 57 किलो
और 2025 में अब तक का रिकॉर्ड – 914 किलो
IG ने बताया कि यह सिर्फ एक कानूनी काम नहीं है, बल्कि समाज को नशे से बचाने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने ये भी कहा कि ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कदम से पुलिस थानों का बोझ भी कम हुआ और न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आई। साथ ही जनता को यह भरोसा भी मिला कि पुलिस अब नशे के खिलाफ पूरी गंभीरता से काम कर रही है।