रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने धर्म और नाम छिपाकर युवती से दोस्ती की, फिर ब्लैकमेल कर होटल में बुलाकर जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी की करतूत सामने आने के बाद पुलिस ने उसे काशीपुर रोड स्थित गल्ला मंडी के पास से दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 14 अक्टूबर को एक युवती ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी थी। युवती ने बताया कि उसकी पहचान करीब एक वर्ष पूर्व एक युवक आहद ठाकुर नाम से हुई थी, जो स्वयं को हिंदू बताता था। समय के साथ उसने युवती से बातचीत बढ़ाई और उसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद आरोपी ने उन्हीं रिकॉर्डिंग्स को वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू किया।
युवती के मुताबिक, आरोपी ने दबाव डालकर उसे रुद्रपुर स्थित एक होटल में बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के दौरान पीड़िता को पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम आहद खान पुत्र तसलीम खान निवासी किच्छा है, जिसने अपनी मुस्लिम पहचान छिपाकर हिंदू नाम अपनाया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने आधार कार्ड में भी फर्जी तरीके से नाम बदलकर “आहद ठाकुर” कर लिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 — कपटपूर्ण साधनों से यौन संबंध बनाना (पहचान छिपाकर संबंध बनाना) और धारा 318(4) — छलपूर्वक पहचान बदलकर धोखाधड़ी से लाभ प्राप्त करना के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पहचान छिपाकर, ब्लैकमेल या धोखाधड़ी से अपराध करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


