मेट्रोपोलिस मॉल में घुसे ‘आतंकी’, एटीसी ने 10 मिनट में किया सफाया — रुद्रपुर में हाई लेवल मॉकड्रिल से परखी गई सुरक्षा

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। दिल्ली धमाके के बाद पूरे ऊधम सिंह नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी है। इसी के तहत शुक्रवार को मेट्रोपोलिस मॉल में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से हाई-इंटेंसिटी मॉकड्रिल का आयोजन किया, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को वास्तविक ऑपरेशन जैसा माहौल महसूस कराया।

एडीएम पंकज उपाध्याय और एसडीएम के नेतृत्व में आयोजित इस ड्रिल में पुलिस, एटीसी, एसडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। परिदृश्य तैयार किया गया कि मॉल में अचानक आतंकी घुस आते हैं। सूचना मिलते ही एटीसी की स्पेशल टीम सक्रिय हुई और मॉल के सीक्रेट एंट्री पॉइंट से भीतर पहुंचकर ऑपरेशन शुरू किया।

टीम ने 10 मिनट की तेज और सटीक कार्रवाई में पांच आतंकियों को मार गिराया, जबकि कुछ आतंकियों ने घिरने पर आत्मसमर्पण कर दिया। उधर, पुलिस व रेस्क्यू टीमों ने मॉल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा कवच प्रदान किया।

ड्रिल के दौरान हर यूनिट के रिस्पॉन्स टाइम, समन्वय, कम्युनिकेशन और इमरजेंसी प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया।

एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली धमाके के बाद जिले में सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को मजबूती देने के लिए ऐसी ड्रिल लगातार आयोजित की जा रही हैं। इससे वास्तविक संकट के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *