किरायेदारों पर घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR

Share the news

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी वार्ड 13 निवासी आसमा पत्नी शाकुल नवी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद कोर्ट के हस्तक्षेप पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता आसमा ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक जुलाई को घरेलू विवाद के दौरान पति शाकुल ने उसकी पिटाई कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसके बच्चे भी अस्पताल में ही मौजूद थे। इस बीच घर में सिर्फ किरायेदार—नसीराबाद मिलक रामपुर निवासी साबिर अली, उसके पिता रमजानी और पत्नी चांदनी—ही रह रहे थे।

 

आसमा ने बताया कि पांच जुलाई को जब वह अस्पताल से घर लौटी तो उसके कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे में सारा सामान अस्त-व्यस्त था। उसकी अलमारी से एक जोड़ी सोने के कुंडल, सोने की बालियां, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक लौंग, लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवर और करीब 40 हजार रुपये नकद गायब थे।

 

जब उसने किरायेदारों के कमरे देखे तो वह भी पूरी तरह खाली मिले। साबिर अली के फोन पर संपर्क किया तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। बाद में रमजानी से बात हुई तो उसने आश्वासन दिया कि उसका बेटा और बहू जितना सामान ले गए हैं, वह वापस दिलवा देगा। लेकिन कई दिनों के इंतजार के बाद भी पीड़िता को कोई सामान नहीं मिला।

 

पुलिस से शिकायत करने पर कार्रवाई न होने के बाद आसमा ने कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने साबिर अली, रमजानी और चांदनी के खिलाफ चोरी और आपराधिक कृत्य की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *