जसपुर में एक किशारी की दुष्कर्म के बाद धारदार हथियार से शरीर पर अलग-अलग जगह वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। किशोरी का शव घर से करीब दो सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। हत्याकांड के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल में प्रदर्शन किया। वहीं बाद में ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर दिया।
जसपुर के एक गांव में 14 वर्षीय बालिका का शव गन्ने के खेत में मिलने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल पहुंचवाया। इसके बाद ग्रामीण भी अस्पताल में आ गए। यहां हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, किसान नेता सुरजीत ढिल्लो के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेजा जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने काशीपुर रोड पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ईएमओ डा. आशू सिंघल ले बताया कि किशोरी के शरीर में चाकू के निशान थे, मुंह से झाग आ रहे थे। प्राइवेट पार्ट खून से सना था। हाथ टूटा हुआ था।
आखिरी बार ढाई बजे घर में देखी गई किशोरी
पुलिस के मुताबिक, किशोरी आखिरी बार करीब ढाई बजे घर पर देखी गई थी। इसके बाद वह घर में नहीं दिखी। घर में किशोरी के दादा ही मौजूद थे। उसकी मां कहीं गई हुई थी। जबकि पिता एक मामले में जेल में हैं।
किशोरी की धारदार हथियारों से गोंदकर हत्या की गई है। हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति पूरी तरह साफ होगी। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच में जुट गई हैं।
-मणिकांत मिश्रा एसएसपी ऊधम सिंह नगर




