उधम सिंह नगर। रम्पुरा वार्ड 24 निवासी 24 वर्षीय सोनी की शादी 26 नवंबर को मुरादाबाद के शिव विहार कॉलोनी निवासी महेश उर्फ गौतम से हुई थी। लेकिन शादी के महज दस दिन बाद ही उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे महेश ने सोनी के मायके पक्ष को फोन कर बताया कि रात तीन बजे से उसकी तबीयत बिगड़ी हुई है। सूचना मिलते ही परिवारजन ससुराल पहुंचे, जहां सोनी बेसुध पड़ी मिली। परिजन तुरंत उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने थोड़े समय में होश आने की बात कही, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार सोनी को रुद्रपुर जिला अस्पताल ले आया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोनी के पिता मंगलसेन और भाई अशोक ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने सही समय पर इलाज नहीं कराया, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी। उन्होंने यह भी बताया कि ससुराल वालों का कहना है कि सोनी पिछले कुछ दिनों से सुबह तीन बजे स्नान कर रही थी, जिसके चलते ठंड लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई।
मायके पक्ष ने मामले में गंभीर जांच की मांग की है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की बात कर रही है।




