रम्पूरा में खेल रहे युवकों पर पथराव के बाद संदिग्ध हवाई फायरिंग, पुरानी रंजिश में हमले की कोशिश से इलाके में मची दहशत

Share the news

रुद्रपुर के रम्पूरा क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेल रहे युवकों पर अचानक पथराव हुआ और इसके बाद संदिग्ध हवाई फायरिंग की गई। घटना से इलाके में अफरातफरी फैल गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।

रुद्रपुर के रम्पूरा चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक युवक पर हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। रम्पूरा निवासी शिवम ने चौकी में पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ कोतवाली के सामने स्थित मंदिर के पास मैदान में खेल रहा था। इसी दौरान दीवार के बाहर खड़े तीन से चार युवकों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने जब इसका विरोध किया तो हमलावरों ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग कर दी।

फायरिंग की आवाज सुनते ही मैदान में मौजूद खिलाड़ी और आसपास के लोग दहशत में आ गए। जान बचाने के लिए सभी लोग इधर-उधर भागकर घरों में घुस गए। शिवम का आरोप है कि दीपावली के दिन उसका कुछ युवकों से विवाद हुआ था, तभी से वे उससे रंजिश रखे हुए हैं और उसी का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रम्पूरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली है, हालांकि वास्तव में फायर हुआ या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *