रुद्रपुर, संवाददाता।
लालपुर में ओडिशा निवासी युवती की हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुमित सिंह अपने भाई के साथ मिलकर युवती का शव ठिकाने लगाने में शामिल था और रामपुर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह भागने में नाकाम रहा। पुलिस ने उसके कब्जे से शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
मामला मंगलवार का है, जब महिंद्रा एंड महिंद्रा लालपुर में इंटर्नशिप कर रही ओडिशा निवासी युवती सृष्टि शर्मा की उसके मकान मालिक के पुत्र अमित सिंह पुत्र कामेश्वर सिंह निवासी लालपुर ने हत्या कर दी थी। सृष्टि पिछले छह माह से उनके घर पर किराये पर रह रही थी और अपने घर ओडिशा लौटने की तैयारी कर रही थी।
हत्या के बाद अमित ने अपने भाई सुमित के साथ मिलकर शव को बाइक पर रख चादर में ईंट-पत्थर भरकर बडौर नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुमित फरार हो गया था।
प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू के निर्देश पर एसएसआई राजेंद्र प्रसाद, लालपुर चौकी प्रभारी बसंत प्रसाद, एएसआई जगदीश महर और कांस्टेबल सुरेंद्र भंडारी की टीम ने लगातार दबिशें दीं और शुक्रवार रात महराया मार्ग से सुमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या और शव ठिकाने लगाने की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।




