रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान परिसर रणभूमि में तब्दील हो गया। दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई और लाठी-डंडे तक पहुँच गया। इसी बीच एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग कर दी गई। गोलियों की आवाज से कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छात्र जान बचाकर इधर-उधर भागे। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कॉलेज कैंपस खौफ के माहौल में जकड़ गया।
जानकारी के अनुसार छात्रसंघ अध्यक्ष पद के दावेदार रजत बिष्ट और नागेंद्र गंगवार के समर्थक बड़ी संख्या में कॉलेज गेट पर मौजूद थे। मामूली कहासुनी ने तूल पकड़ा और दोनों ओर से लात-घूसे, लाठी-डंडे चलने लगे। इसके बाद अचानक हुई फायरिंग ने स्थिति को और भयावह बना दिया। फायरिंग के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि छात्रों के हाथों में हथियार पहुँच चुके हैं और वे खुलेआम गोलियां चला रहे हैं।
इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार वायरल हो रहे वीडियो यह साबित कर रहे हैं कि पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। चुनावी माहौल में छात्र अब हत्या तक पर उतारू होते दिख रहे हैं। शहर में पहले से तनाव था और इस घटना ने माहौल को और विस्फोटक बना दिया है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची, भीड़ को खदेड़ा और कई वाहनों को कब्जे में लिया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दोषियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं कॉलेज प्रशासन और अभिभावकों की चिंता और गहरा गई है। फिलहाल कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन सवाल यही है कि जब छात्र ही हथियारों से लैस हो गए हैं तो जिले की कानून व्यवस्था किस दिशा में जा रही है।




