जाति प्रमाण पत्र मामलों पर सख्ती, गलत अभिलेखों पर होगी कड़ी कार्रवाई : एडीएम

Share the news

रूद्रपुर, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला सभागार में जनपद स्तरीय स्कूटनी कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जाति प्रमाण पत्रों से जुड़े प्राप्त प्रकरणों पर विस्तृत सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 9 जाति प्रमाण पत्र संबंधी मामलों की सुनवाई करते हुए कुछ प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया, जबकि शेष मामलों का निस्तारण कर आदेश पारित करने के निर्देश दिए गए।

 

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गलत अभिलेखों के आधार पर अथवा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से प्रमाण पत्र बनवाने वालों और ऐसे प्रमाण पत्र जारी करने में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी व्यक्ति गलत दस्तावेज लगाकर प्रमाण पत्र बनवाने का प्रयास न करे।

 

एडीएम ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में पिछले पांच वर्षों में निर्गत सभी जाति प्रमाण पत्रों की जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत स्कूटनी कमेटी द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर शिकायतकर्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों के बयान दर्ज किए गए, ताकि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्णय लिया जा सके।

 

बैठक में उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, ऋचा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, तहसीलदार किच्छा गिरीश त्रिपाठी, पटल प्रभारी सचिन काला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, उप जिलाधिकारी बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा तथा तहसीलदार लीना भट्ट वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जाति प्रमाण पत्रों की जांच प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *