*Rudrapur” दुष्कर्म मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार…*

Share the news

एसटीएफ की टीम ने पिछले एक साल से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

बीते वर्ष 17 फरवरी 2023 को गदरपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर ग्राम कठुलिया नानकमत्ता निवासी गुरमेज सिंह पर मारपीट कर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा, जब उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो वह आनाकानी करने लगा। पुलिस ने आरोपी गुरमेज सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। इस पर एसएसपी ने आरोपी गुरमीत सिंह पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी की जिम्मेदारी एसटीएफ को जिम्मेदारी सौंपी गई। डीजीपी अभिनव कुमार के इनामी अपराधियों की धर पकड़ के लिए सख्त निर्देश के बाद हरकत में आए एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल के निर्देशन में एसटीएफ की टीम गुरमेज सिंह की खोजबीन में जुट गई।

एसटीएफ की टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर क्षेत्र में छिपे अभियुक्त गुरमेज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। बृहस्पतिवार को गदरपुर पुलिस ने गुरमेज सिंह को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया। टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, एसआई यादविन्दर सिंह बाजवा, विद्या दत्त जोशी, धर्मेन्द्र सिंह रौतेला, हेड कांस्टेबल बृजेन्द्र चौहान, संजय कुमार, संदेश यादव, मोहन असवाल शामिल थे।

आयुष अग्रवाल, एसएसपी, एसटीएफ ने कहा आरोपी गुरमेज सिंह एसटीएफ की रडार में था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए एक वर्ष से लगातार प्रयास किया जा रहा था। गुरमेज सिंह खानाबदोश किस्म का व्यक्ति है, जो केस दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसका अपने परिवार व रिश्तेदारों से भी ज्यादा संपर्क नहीं था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने रणनीति बनाई और मैनुअली एवं सर्विलांस के माध्यम से सूचना एकत्रित करने के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *