रुद्रपुर/देहरादून, 8 अप्रैल। बहुचर्चित पार्षद प्रकाश सिंह धामी हत्याकांड में उत्तराखण्ड एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे ₹25,000 के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई, जो फरार अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान है।

बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का रहने वाला है और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय पेशेवर शूटर है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
दिनदहाड़े हुई थी सनसनीखेज हत्या
12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड-13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब 9 बजे आई-10 कार में आए बदमाशों ने पहले बातचीत के बहाने धामी को घर से बाहर बुलाया, फिर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल धामी ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
राजनीतिक रंजिश में दी गई थी सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शूटरों को करीब ₹4 लाख की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पहले ही 7 में से 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि रिंकू शर्मा फरार चल रहा था।
STF की रणनीति लाई रंग
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। पिछले एक महीने से तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी निगरानी की जा रही थी। तड़के मिली पुख्ता सूचना पर एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी




