एसएसपी मणिकान्त मिश्रा की सर्जिकल स्ट्राइक — बुजुर्ग महिलाओं के गहने लूटने वाले दो शातिर झपट्टामार गैंगस्टर तमंचे समेत दबोचे

Share the news

रुद्रपुर। एसएसपी मणिकान्त मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को चैन लूट की घटनाओं में निशाना बनाने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम असलम उर्फ शाहनवाज और आफान हैं, जो जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिलें, सोने की दो चेन (क़ीमत ₹1.6 लाख) और ₹29,000 नकद बरामद किए हैं।

 

एसएसपी मिश्रा ने बुजुर्ग महिलाओं से लूट की बढ़ती घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज व लगातार दबिश के जरिए अपराधियों को ट्रेस किया। 9 अक्टूबर 2025 को जसपुर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दोनों को धर दबोचा।

 

पकड़े गए अभियुक्त जसपुर और आईटीआई थाना क्षेत्रों में हुई तीन चैन लूट की वारदातों में शामिल रहे हैं। वे सुनसान गलियों में बुजुर्ग महिलाओं को देखकर झपट्टा मारते और फरार हो जाते थे। पहचान छिपाने के लिए ये अपनी मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलते और बॉडी पर अलग-अलग रंग की लेमिनेशन चिपकाते थे।

 

दोनों के खिलाफ पहले से ही काशीपुर, रामनगर, मुरादाबाद और काँठ सहित कई जिलों में चोरी, लूट, डकैती, पुलिस मुठभेड़ और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।

 

एसएसपी मणिकान्त मिश्रा ने कहा कि “महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *