पहली शुक्रवार परेड में एसएसपी अजय गणपति ने कसा अनुशासन का शिकंजा

Share the news

रुद्रपुर। नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार की साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित इस पहली परेड में एसएसपी ने जनपद पुलिस की कार्यकुशलता, अनुशासन और टर्न-आउट का बारीकी से निरीक्षण किया।

परेड में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी (एसओ/एसएचओ), फायर सर्विस तथा विभिन्न शाखाओं के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसएसपी ने टोलीवार निरीक्षण कर ड्रिल करवाई और टोलियों के बीच सामंजस्य, सतर्कता व पेशेवर दक्षता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने, समयपालन और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। भोजनालय में खाद्य गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की गई, वहीं गार्द रजिस्टर, आदेश कक्ष और विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का मिलान भी किया गया। गार्द कमांडरों को मुल्जिम कमान और सुरक्षा ड्यूटी के संबंध में स्पष्ट व कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *