रुद्रपुर, संवाददाता।
थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना डायल 112 पर सुबह करीब 7:56 बजे मिली, जिसके बाद ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। मंदिर के पास नाले के किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसे 108 एंबुलेंस की मदद से जांचा गया। मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का घेराव कर बारीकी से निरीक्षण किया। जिला एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक के शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं थे। प्रारंभिक जांच में मृतक की आंखें बंद मिलीं। बाईं आंख के नीचे, बाएं कंधे और दाहिने हाथ की कलाई पर चोट और रगड़ के निशान पाए गए हैं। वहीं कुछ चोटों के निशान गहरे बताए जा रहे हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मारपीट की आशंका जताई जा रही है।
आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान पप्पू वर्मा (42 वर्ष) पुत्र फतेह बहादुर वर्मा के रूप में हुई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले का निवासी था और पिछले करीब 10 वर्षों से ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर-4 में परिवार सहित रह रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक 14 वर्षीय बेटा छोड़ गया है।
सूचना पर मृतक की पत्नी रीता देवी को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पप्पू वर्मा की हत्या की गई है और उसके शरीर पर मिले चोट के निशान इस ओर इशारा करते हैं। परिजनों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जानी चाहिए। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर मोर्चरी भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सिडकुल जैसे व्यस्त औद्योगिक क्षेत्र के पास शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।




