सनसनीखेज किडनैपिंग का पर्दाफाश, युवक को अगवा कर मां से मांगी एक लाख फिरौती; पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में पांच आरोपी गिरफ्तार, पीड़ित सकुशल बरामद

Share the news

देहरादून में अपहरण-फिरौती का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

Dehradun Police को अपहरण और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने युवक के अपहरण के बाद उसकी मां से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार विकासनगर के भोजावाला निवासी पुष्पा देवी ने 2 मार्च को विकासनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि बाइक सवार कुछ अज्ञात युवक जबरन उनके घर में घुस आए और उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट कर उसे गाड़ी में बैठाकर अगवा कर ले गए। घटना के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें बेटे की रिहाई के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी Pramendra Dobhal के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त वाहन और उसके मालिक की पहचान की गई।

तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रात में ही विकासनगर क्षेत्र से शक्ति पुंडीर को सकुशल बरामद कर लिया और पांच आरोपियों—विकास वैरागी, नीरज, प्रवीन, सचिन और नवीन—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। वे नशे के आदी लोगों को निशाना बनाकर खुद को धार्मिक संगठनों से जुड़ा बताकर जेल भिजवाने की धमकी देते थे और ब्लैकमेल कर फिरौती वसूलते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *