ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात: पिता-भाइयों ने प्रेमी की हत्या की, लड़की ने शव से रचाई शादी—कातिल परिवार को फांसी की मांग

Share the news

नांदेड़ में प्यार को लेकर हुई ऑनर किलिंग ने पूरे जिले को दहला दिया। प्रेमी की बेरहमी से हत्या के बाद लड़की ने अपने ही परिवार के खिलाफ विद्रोह करते हुए प्रेमी के शव से शादी रचा ली। लड़की ने पिता, मां और भाइयों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नांदेड़ शहर के पुराने गंज इलाके में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग से नाराज लड़की के परिवार ने उसके प्रेमी की सड़क पर ही गोली मारकर और धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी। मृतक, लड़की के भाई का दोस्त था और अक्सर उनके घर आता-जाता था। इसी बीच दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए, जिसे परिवार ने सख्ती से नकार दिया था।

 

पुलिस के अनुसार पिता ने दो बेटों और अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक को रोका, पहले गोली चलाई और फिर सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। युवक का क्रिमिनल बैकग्राउंड भी सामने आया है, पर लड़की का कहना है कि उसका परिवार शुरू से ही संबंधों के खिलाफ था और उसे तथा प्रेमी दोनों को धमकाया जा रहा था।

 

घटना के बाद लड़की सीधे प्रेमी के घर पहुंची। अंतिम संस्कार से पहले उसने प्रेमी के शव के सामने उसके नाम का सिंदूर भरकर विवाह की रस्म निभाई। इस दौरान लड़की ने कहा कि “मेरा परिवार जातिवाद के कारण हत्या को अंजाम दिया है। मैं उसके घर में ही रहूंगी और हत्यारों को फांसी मिलनी चाहिए।”

 

मृतक की मां की शिकायत पर इतवारा थाने की पुलिस ने लड़की के माता-पिता और दो भाइयों समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या, साजिश और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत शिंदे ने बताया कि सभी आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।

 

यह घटना नांदेड़ में ऑनर किलिंग की भयावह तस्वीर पेश करती है, जहां प्यार की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर और एक लड़की को अपने परिवार से संबंध तोड़कर चुकानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *