किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ पर जानलेवा हमला, तीन नकाबपोशों ने आवास विकास में किया हमला, हालत गंभीर, ICU में भर्ती

Share the news

रुद्रपुर/उधम सिंह नगर।

उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे और रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 39 से पार्षद सौरभ बेहड़ पर देर शाम जानलेवा हमला किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तीन नकाबपोश बदमाशों ने सौरभ बेहड़ पर अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किए जाने की तैयारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौरभ बेहड़ किसी पूर्व विवाद के संबंध में आवास विकास चौकी जा रहे थे। जैसे ही वे आवास विकास क्षेत्र में पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने सौरभ को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और आवास विकास चौकी की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेता भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि सौरभ घर से यह कहकर निकला था कि वह आवास विकास चौकी जा रहा है। रास्ते में ही बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और हमलावरों की पहचान जल्द सामने आ जाएगी। पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *