सम्मोहन का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 15 लाख के जेवर ठगे
रुद्रपुर। शहर में ठगों का गिरोह लोगों को झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। ताजा मामला शांति विहार कॉलोनी का सामने आया है, जहां ठगों ने सम्मोहन का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए।
जानकारी के अनुसार शांति विहार कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला रजनी गर्ग रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग मोड़ के पास एक युवक उनसे मिला और बाबा का नाम लेकर पता पूछने लगा। बातचीत के दौरान वह महिला के साथ कुछ दूरी तक चलने लगा। थोड़ी देर बाद वहां दो अन्य युवक भी पहुंचे, जिन्होंने हेलमेट और नकाब पहन रखा था।
बताया जा रहा है कि तीनों युवकों ने बुजुर्ग महिला से मानसिक और शारीरिक परेशानी का हवाला देते हुए बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसे अपने झांसे में ले लिया। महिला का कहना है कि बातचीत के दौरान उसकी सोचने-समझने की क्षमता मानो शून्य हो गई थी। ठगों ने उससे घर में रखे आभूषणों की जानकारी ली और किसी उपाय का झांसा देकर उन्हें लाने के लिए कहा।
महिला घर पहुंची और अलमारी का लॉकर खोलकर करीब 12 से 13 तोले सोने के आभूषण एक पोटली में रखकर आरोपियों को दे दिए। आरोपियों ने बदले में एक पोटली महिला को थमा दी और वहां से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब महिला ने घर जाकर पोटली खोली तो उसके अंदर सोने के आभूषणों की जगह पत्थर रखे हुए थे। ठगी गए आभूषणों की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। होश आने पर महिला ने घटना की जानकारी अपने बेटे-बहू को दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



