रुद्रपुर” दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक-युवती की मौत

Share the news

रुद्रपुर: रुद्रपुर के पुराना खेड़ा बस्ती निवासी 25 वर्षीय युवक और उसकी महिला मित्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अजय पाल सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बुधवार सुबह उसकी 20 वर्षीय महिला मित्र, जो शांति कॉलोनी भदईपुरा की रहने वाली बताई जा रही है, उसके किराए के मकान पर आई थी। इसके बाद दोनों किसी काम से बाइक पर सवार होकर गदरपुर की ओर गए थे।

बताया जा रहा है कि आवश्यक कार्य निपटाने के बाद जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बागवाला गांव के समीप हाईवे पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार उछलकर हाईवे किनारे जा गिरे। हादसे में युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस और सिडकुल चौकी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची तथा आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और बाइक अनियंत्रित होने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *