रुद्रपुर में शुक्रवार को मुथूट फाइनेंस कार्यालय के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब व्यापारियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए कार्यालय पर ताला बंदी की कोशिश की। व्यापारियों का आरोप है कि लोन की किस्त जमा करने और पूरा बकाया चुकाने पहुंचे लोगों को कर्मचारियों द्वारा लगातार “सर्वर डाउन” का बहाना बनाकर टरकाया जा रहा था।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारी गाबा चौक स्थित गोल्ड लोन फाइनेंस बैंक पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल ट्रांजिट कैंप निवासी कारोबारी विकास बंसल ने बताया कि उन्होंने करीब 15 महीने पहले वर्तमान कीमत लगभग 60 लाख रुपये का सोना गिरवी रखकर 32 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। नियमानुसार वह लगातार 15 माह तक ईएमआई भरते रहे और पूरी रकम जमा करने के बाद सोना वापस लेने के लिए आवेदन किया।
आरोप है कि बैंक कर्मियों ने करीब एक सप्ताह तक सर्वर डाउन होने की बात कहकर टालमटोली की और कई चक्कर लगवाए, लेकिन सोना वापस नहीं किया। इससे नाराज व्यापारियों ने गुरुवार को बैंक के बाहर धरना दिया और गेट पर ताला लगाने की कोशिश भी की। करीब आधे घंटे की बहस और जद्दोजहद के बाद बैंक प्रबंधक का संदेश आया कि कारोबारी का गोल्ड लोन जमा हो चुका है और शीघ्र ही गिरवी रखा सोना लौटा दिया जाएगा। इसके बाद मामला शांत हुआ। यह प्रकरण इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।




