रुद्रपुर व्यापारियों का फूटा ग़ुस्सा: राज्य कर प्रवर्तन विभाग के उत्पीड़न के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, दफ्तर घेराव, अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

Share the news

रुद्रपुर। राज्य कर विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न के विरोध में शुक्रवार को रुद्रपुर व्यापार मंडल ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभागीय कार्यालय का घेराव किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चौकियों पर नियुक्त अधिकारी कागज़ जांच के नाम पर उनकी गाड़ियों को कई-कई घंटे रोकते हैं और अनैतिक दबाव बनाकर पेनल्टी जमा कराने के लिए मजबूर करते हैं।

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हुए और राज्य कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। जुनेजा ने कहा कि व्यापारियों के कागज़ पूरे होने के बावजूद भी उन्हें ‘गलत’ साबित किया जा रहा है, जिससे न सिर्फ मानसिक उत्पीड़न हो रहा है बल्कि आर्थिक दबाव भी डाला जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर हिटलरशाही अपनाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।

 

जुनेजा ने यह भी बताया कि कई बार वार्ता के बावजूद विभागीय रवैये में कोई सुधार नहीं दिखा। “अब व्यापारी उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे,” उन्होंने कहा। व्यापारियों ने दफ्तर का घेराव कर अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और कार्रवाई की मांग की।

 

स्थिति को देखते हुए मौके पर राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त शिवेंद्र प्रताप सिंह और सहायक आयुक्त जीशान मलिक पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि विभाग अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही व्यापारियों के साथ एक औपचारिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उनकी समस्याओं व सुझावों पर विस्तार से चर्चा होगी।

 

प्रदर्शन में जिला महामंत्री सरदार हंसपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष सरदार सुमुख सिंह विर्क, सतपाल गाबा, पूर्व महामंत्री हरीश अरोड़ा, पवन गाबा, शिवेन सेठी, पारस अरोड़ा, सागर छाबड़ा, राजेश कामरा, गौरव गांधी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *