रुद्रपुर में जूता व्यापारी ध्रुव चावला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने नया मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक की मां एकता चावला की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श कॉलोनी निवासी एकता चावला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा ध्रुव चावला सिविल लाइंस स्थित किक्स विला शूज शोरूम में पार्टनरशिप में कारोबार करता था। 19 फरवरी की रात ध्रुव दुकान से घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने फोन किया। ध्रुव ने बताया कि वह 15–20 मिनट में घर आ रहा है, लेकिन इसके बाद उसका फोन रिसीव नहीं हुआ।
चिंतित परिजनों ने दोस्तों को फोन कर उसकी तलाश शुरू कराई। जब दोस्त सिविल लाइंस स्थित शोरूम पहुंचे तो दुकान अंदर से बंद मिली। मिस्त्री की मदद से दरवाजा खुलवाया गया तो स्टोर रूम में ध्रुव खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके सिर के पास गोली लगने का घाव था।
दोस्त और पार्टनर उसे तुरंत जिला अस्पताल रुद्रपुर ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। बाद में उसे किच्छा रोड स्थित अस्पताल और फिर दिल्ली के अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 22 फरवरी को ध्रुव की मौत हो गई।
मृतक की मां ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए कहा है कि किसी व्यक्ति ने फोन कर ध्रुव को प्रताड़ित किया होगा। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




