रुद्रपुर में होली के अगले दिन एक किशोरी के घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक पार्षद के बेटे ने अपने तीन–चार साथियों के साथ मिलकर घर में जबरन घुसकर घटना को अंजाम दिया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है और कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
पीड़ित किशोरी के अनुसार बुधवार को होली के बाद वह घर पर अकेली थी। उसका भाई नहाने गया हुआ था, जबकि उसकी मां पड़ोस में होली मिलने गई हुई थी और पिता भी घर से बाहर थे। आरोप है कि इसी दौरान एक पार्षद का बेटा अपने तीन-चार साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
किशोरी का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। इसी दौरान उसका भाई वहां पहुंच गया और उसने विरोध किया। आरोप है कि इस पर आरोपितों ने उसके भाई के साथ भी मारपीट शुरू कर दी और उसे पीटकर घायल कर दिया।
किशोरी का यह भी आरोप है कि शोर-शराबा सुनकर उसकी मां और पिता घर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया और ईंट तथा धारदार हथियार से वार कर उन्हें घायल कर दिया। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कराया।
आरोप है कि भीड़ जुटती देख हमलावर परिवार को देख लेने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार रम्पुरा चौकी पहुंचा और पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले में उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष भी देखने को मिल रहा है।




