रुद्रपुर। दिल्ली की जेल से जमानत पर आए हत्या के आरोपी रवि यादव (35) को रुद्रपुर पुलिस ने सामिया लेक सिटी से तमंचा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। रवि यादव मूलतः दिल्ली के अशोक नगर का निवासी है और पिछले कुछ साल से रुद्रपुर में रह रहा था। वह कॉलोनीवासियों से बार-बार झगड़ा करता था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को 250 से अधिक कॉलोनीवासियों ने शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची थी। उसी दिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को सामिया लेक सिटी के पीछे सड़क पर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास 315 बोर का एक तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। रवि यादव ने बताया कि वह इसे अपनी सुरक्षा के लिए रखता था।
अभियुक्त को मौके पर हिरासत में लेकर, तमंचा और कारतूस को सील कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने उच्चतम न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गिरफ्तारी की।
शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया। रवि यादव पर धारा 3/25(1ख)क आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।



