रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित विशेष पॉक्सो न्यायालय ने छात्रा से दुष्कर्म और घर में घुसकर हमला करने के मामले में आरोपी को कठोर दंड सुनाया है। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अश्वनी गोड की अदालत ने आरोपी को पांच वर्ष के कठोर कारावास और आर्थिक दंड से दंडित किया। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में अतिरिक्त छह माह की साधारण कारावास भुगतनी होगी।
अदालत ने घर में जबरन घुसकर वारदात को अंजाम देने के अपराध में भी पांच वर्ष के कठोर कारावास तथा दस हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। दोनों सजाएं विधि अनुसार प्रभावी रहेंगी।
मामला पंतनगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। अभियोजन के अनुसार पहली घटना 8 मार्च 2023 की रात की है, जब पीड़िता अपने दो छोटे भाइयों के साथ घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने देर रात घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया, बिजली बंद की और छात्रा के कमरे में घुसकर उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर उसके भाइयों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दूसरी घटना 30 मार्च 2023 को हुई बताई गई, जब परिवार के सदस्य गांव गए हुए थे। आरोप है कि आरोपी बहाने से घर में दाखिल हुआ और मौका पाकर फिर से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के भाइयों द्वारा विरोध किए जाने पर वह भाग निकला।
घटनाओं की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 सीआरपीसी के तहत दर्ज किया गया। विवेचना पूर्ण होने पर आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोप सिद्ध किए। सभी तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए कठोर सजा सुनाई। फैसले को महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




